Type Here to Get Search Results !

अमरवाड़ा में अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 320.8 किलो गांजा जब्त

0

  •  अमरवाड़ा में अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 320.8 किलो गांजा जब्त 

  • कंटेनर और टाटा सफारी से करीब 64 लाख रुपये का गांजा बरामद, पिस्टल व पांच कारतूस भी जब्त 

 अमरवाड़ा //उग्र प्रभा 

 छिंदवाड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमरवाड़ा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक कंटेनर और टाटा सफारी कार से कुल 320.8 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक लोडेड पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल फोन और 24,090 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के नेतृत्व में थाना प्रभारी अमरवाड़ा राजेन्द्र धुर्वे एवं पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर और काले रंग की टाटा सफारी कार में भारी मात्रा में गांजा छिंदवाड़ा से अमरवाड़ा होते हुए नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है।


सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम तेंदनीमाल मेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। दोनों वाहन दिखाई देने पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहनों को तेज गति से भगाने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर भुमका घाटी के पास कंटेनर को रोक लिया। कंटेनर की केबिन में बनाए गए विशेष गुप्त बॉक्स से सात प्लास्टिक बोरियों में रखा 252.48 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं टाटा सफारी कार में सवार चार आरोपियों के कब्जे से डैशबोर्ड बॉक्स में रखी एक लोडेड पिस्टल व पांच जिंदा कारतूस तथा कार से दो बोरियों में रखा 68.32 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों वाहनों में सवार सभी सात आरोपियों को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाकर रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर होते हुए झांसी के रास्ते उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर निवासी सदनलाल चौरसिया तक पहुंचाने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, बरामद पिस्टल मोनिस को सदनलाल चौरसिया द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। गांजे के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर आरोपियों से पूछताछ जारी है।

सात आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में संतोष गिरी (33), निवासी आगर-मालवा; मोनिस (26), निवासी संतकबीर नगर; अजय यादव (27), निवासी बस्ती; कृष्ण कुमार (32), निवासी बस्ती; आदर्श सिंह (27), निवासी बस्ती; ऋषभ सिंह (21), निवासी गोंडा तथा शुभम सिंह (23), निवासी बस्ती, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। मामले में सदनलाल चौरसिया, निवासी संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश को फरार आरोपी बताया गया है।

एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना अमरवाड़ा में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले का अपराध क्रमांक 580/26 है।पुलिस के अनुसार कार्रवाई में थाना अमरवाड़ा पुलिस, थाना कुंडीपुरा पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

More Interesting Posts

Post a Comment

0 Comments
चैनल सब्सक्राइब करे

📺 हमारे YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें


🔔 SUBSCRIBE NOW