छिंदवाड़ा: अटल नगरीय निकाय अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा,//उग्र प्रभा
8 जुलाई। अटल नगरीय निकाय अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ की जिला इकाई द्वारा प्रदेश अध्यक्ष के.एल. राय की उपस्थिति एवं जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह चौरिया के नेतृत्व में नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त को कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु 9 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया।
बैठक में प्रदेश सह सचिव साजिद खान सहित संगठन के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नगरीय निकाय कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। संगठन ने मांग की कि कर्मचारियों को प्रत्येक माह की 10 तारीख तक नियमित वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा एनपीएस एवं जीपीएफ की कटौती की राशि समय पर संबंधित खातों में जमा की जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि इंदौर नगर निगम की तर्ज पर दैनिक वेतनभोगी एवं विनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाए, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति दी जाए तथा रोजगार सहायकों का संविलियन किया जाए।
संगठन ने ग्राम पंचायत से निकाय में शामिल पंप ऑपरेटर, वसूलीकर्ता, सफाई कर्मी एवं चौकीदारों को दैनिक वेतन के साथ ईपीएफ सुविधा देने, ठेका कर्मचारियों को भी ईपीएफ का लाभ उपलब्ध कराने, कर्मचारियों के सीआर पर शीघ्र हस्ताक्षर करने तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश नकदीकरण सहित अन्य देयकों का एकमुश्त भुगतान किए जाने की मांग भी रखी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष के.एल. राय, प्रदेश सह सचिव साजिद खान, जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह चौरिया, इकाई अध्यक्ष सुजीत नामदेव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संगठन ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों के हित में सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
