व्यस्त दिनचर्या के बीच मानवता की मिसाल बने हिमांशु गडकरी, रक्तदान कर बुजुर्ग की बचाई जान
छिंदवाड़ा //उग्र प्रभा
नगर निगम छिंदवाड़ा की लेखा शाखा में पदस्थ हिमांशु गडकरी ने अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद मानवता और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट परिचय देते हुए अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग मरीज के लिए रक्तदान कर सराहनीय कार्य किया।
जानकारी के अनुसार, एक बुजुर्ग दादा के पेट के ऑपरेशन के बाद तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। जैसे ही इसकी सूचना हिमांशु गडकरी को मिली, उन्होंने बिना किसी विलंब के अस्पताल पहुंचकर एक यूनिट रक्तदान किया। उनके इस निस्वार्थ कार्य से बुजुर्ग मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका और उपचार सुचारु रूप से जारी रह सका।
हिमांशु गडकरी का मानना है कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए। उनके इस प्रेरणादायक कदम की अस्पताल परिसर में मौजूद चिकित्सकों, मरीज के परिजनों एवं नागरिकों ने सराहना की।
नगर निगम में भी हिमांशु गडकरी एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और सहयोगी कर्मचारी के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं। वे शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहते हैं।
उनका यह मानवीय कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देता है कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।
टैग: #रक्तदान_महादान #छिंदवाड़ा #नगर_निगम #हिमांशु_गडकरी #मानवता #BloodDonation #Humanity #UPNNews
