मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
उर्वरा हैं सतपुड़ा की वादियाँ,जहाँ तेजी से पनपते हैं पौधे और खिलती हैं कलियाँ और जिनकी महक दूर तलक उडती है फिजाओं में
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन का प्रतिष्ठित वागीश्वरी पुरस्कार 2026, कविता विधा में शेफाली शर्मा, छिंदवाड़ा को उनकी कृति 'सॉरी, आर्यभट्ट सर' के लिए और गीत-ग़ज़ल विधा में अंजुमन मंसूरी आरज़ू , छिंदवाड़ा को उनकी कृति '....और तुम' के लिए देने की घोषणा की गई है। शेफाली की कविताएँ हमारे समय की बेचैनियों, उम्मीदों और संघर्षों को बड़ी आत्मीयता से स्वर देती हैं। उनकी लेखनी हर जगह गहरी संवेदना और मानवीय प्रतिबद्धता के साथ उपस्थित रहती है, ऐसा लगता है कि वह केवल कविताएँ नहीं लिखती, बल्कि अपने समय की धड़कनों को शब्द देती है। उसकी रचनाएँ पाठकों के मन में प्रश्न भी जगाती हैं और उम्मीद की लौ भी। अंजुमन मंसूरी 'आरज़ू' का ग़ज़ल संग्रह '....और तुम' समकालीन हिंदी-उर्दू अदब की एक मुकम्मल और खूबसूरत कृति है। सहज हिंदुस्तानी ज़बान में रचे गए इस संग्रह में प्रेम और विरह के अनूठे व्याकरण के साथ-साथ गहरी नारी संवेदना और सामाजिक यथार्थ का अद्भुत संतुलन देखने को मिलता है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व वागीश्वरी पुरस्कार 2014 में गीत विधा के लिए रोहित रुसिया और 2006 में कहानी विधा के लिए हनुमंत मनगटे को दिया जा चुका है।
