मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
ओम मंच पर अस्तित्व छिन्दवाड़ा के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नाटक- ‘पाँचवा पराठा’ ने दर्शकों का जीता दिल..
एकल नाटक ‘खलनायकम्’ में कलाकार-किरदार के अंतर्संघर्ष की दिखी सशक्त झलक..
खलनायकम्’ की संकल्पना व लेखन संस्था-ओम मंच पर अस्तित्व के सचिव व युवा नाटककार शिरिन आनंद दुबे ने किया
उग्र प्रभा समाचार, छिंदवाड़ा : सक्रिय एवं सकारात्मक रंगकर्म को समर्पित संस्था ‘ओम् मंच पर अस्तित्व’ ने राजनांदगांव थियेटर ग्रुप द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ नाट्योत्सव-2026 में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से राष्ट्रीय मंच पर विशिष्ट पहचान बनाते हुए कुल पाँच पुरस्कार अर्जित किए। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र आचार्य एवं सचिव शिरिन आनंद दुबे के नेतृत्व में तैयार प्रस्तुतियों को दर्शकों और निर्णायकों दोनों की भरपूर सराहना मिली।संस्था द्वारा आयोजित 30 दिवसीय निःशुल्क अभिनय कार्यशाला के प्रतिभागियों ने पद्मश्री गिरिराज किशोर की चर्चित कहानी पर आधारित नाटक ‘पाँचवा पराठा’ का मंचन किया। मानवीय संवेदनाओं, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक सरोकारों पर आधारित इस प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। नाटक में बिट्टी की भूमिका में तुहिना जगदेव ने संवेदनशील एवं प्रभावशाली अभिनय किया। बिचका के रूप में धीरज डेहरिया की सहज एवं जीवंत प्रस्तुति सराही गई। छुटकी बनीं श्रुति हिड़ाऊ ने स्वाभाविक एवं आकर्षक अभिव्यक्ति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। सुखदास की भूमिका में मुकेश जगदेव का परिपक्व एवं दमदार अभिनय प्रभाव छोड़ गया, जबकि धनवती के रूप में मोहिता कमलेंदू ने मार्मिक एवं सशक्त प्रस्तुति दी। रिटायर्ड पुलिस अधिकारी की भूमिका में विजय आनंद दुबे का प्रभावी एवं संतुलित अभिनय भी दर्शकों द्वारा सराहा गया।
वहीं संस्था की दूसरी प्रस्तुति एकल नाटक ‘खलनायकम्’ रही, जिसमें कलाकार और उसके द्वारा वर्षों से निभाए जा रहे पात्र रावण के मध्य अंतर्संघर्षखलनायकम्’ संकल्पना व लेखन संस्था-ओम मंच पर अस्तित्व के सचिव व युवा नाटककार शिरिन आनंद दुबे ने किया तथा निर्देशन एवं एकल अभिनय विजय आनंद दुबे द्वारा किया गया। नाटक का रंग-संगीत संचालन के दायित्व का निर्वाह विजय सोलापुरे ने जबकि मुखसज्जा एवं वेशभूषा का व्यवस्थापन देवेश कोल्हेकर ने किया।पूर्वाभ्यास तथा अन्य व्यवस्थाएँ संस्था के कलाकार तृप्ति विश्वकर्मा,श्रीकांत द्विवेदी,अतुल विश्वकर्मा,प्रतीश,सुनीता व स्वस्ति ने सम्हाली।नाट्योत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘ओम् मंच पर अस्तित्व’ को विभिन्न श्रेणियों में कुल पाँच पुरस्कार प्राप्त हुए। यह उपलब्धि संस्था की रचनात्मक प्रतिबद्धता और रंगकर्म के प्रति समर्पण का प्रमाण है। संस्था से जुड़े कलाकारों, प्रशिक्षुओं एवं रंगप्रेमियों ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे छिंदवाड़ा के रंगकर्म के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

