भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे त्यौहार, शांति समिति की बैठक में अहम निर्णय पारित
अमरवाड़ा (उग्र प्रभा )। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम अमरवाड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) हेमकरण धुर्वे उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) कल्याणी बरकड़े, तहसीलदार सृष्टि डेहरिया, नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति तिवारी, सीएमओ दिशा डेहरिया, नगर निरीक्षक राजेंद्र धुर्वे, भाजपा नेता उत्तम सिंह ठाकुर एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र जैन मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मार्च माह में आने वाले प्रमुख त्यौहार—होली, रंग पंचमी, ईद, रमजान, नवरात्रि, रामनवमी एवं महावीर जयंती—को आपसी भाईचारे, सौहार्द और परस्पर सम्मान के साथ मनाया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में डीजे की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सीमित एवं धीमी ध्वनि में किया जाए।
एसडीएम एवं एसडीओपी ने कहा कि त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। 4 मार्च को शहीद चौक पर होली मिलन एवं मातेश्वरी लाल अमरवाड़ा में “रंग बरसे” कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित किया गया है, जिसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
नगर में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। रमजान एवं नवरात्रि के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में बालकृष्ण साहू, सलीम खान, अमित नेम, राजेश अहिरवार, शैलेंद्र जैन, डॉ. शरद सोनी, विद्युत विभाग से रामरेश पटेल, इंजीनियर जावेद खान, आसिफ खान, शेख अबरार, लवी खान, तरुण शुक्ला, संतु, सतीश साहू, सुदेश नागवंशी, संजय सूर्यवंशी, अंकुर जैन, हरिओम साहू, आकाश साहू, रोहित सिसोदिया, मुखराम, कमलेश मालवीय, राकेश, राजेश, राममिलन वर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अंत में प्रशासन ने सभी से अपील की कि त्यौहार परंपरागत रूप से मनाएं, किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

