भगवान भोले शंकर,माता पार्वती और नंदी महाराज की सुन्दर एवं आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
विशु नगर गणेश उत्सव समिति द्वारा नोनिया करबल में हो रही शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़
छिंदवाड़ा//उग्र प्रभा //
वार्ड नंबर 45 नोनिया करबल विशु नगर क्षेत्र में इन दिनों पूर्णतः शिवमय हो चुका है।विशु नगर गणेश उत्सव समिति के तत्वाधान में आयोजित भव्य शिव महापुराण कथा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण कर दिया है।कथा स्थल पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा वातावरण "हर हर महादेव" के जयघोष से गूंजायमान हो रहा है।कार्यक्रम के दौरान भगवान भोले शंकर,माता पार्वती और नंदी महाराज की सुन्दर एवं आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।सजीव झांकी और मनमोहक सजावट ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया मानो स्वयं कैलाश पर्वत की दिव्यता धरती पर उतर आई हो।श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झांकियों के दर्शन कर रहे हैं और भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं।
वहीं प्रसिद्ध कथावाचक छोटे ठाकुर जी महाराज की मधुर वाणी और ओजस्वी प्रवचन सुनने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंच रहे हैं।छोटे ठाकुर जी महाराज शिव महापुराण के माध्यम से भगवान शिव की महिमा,उनकी लीलाओं,भक्ति के महत्व और जीवन में धर्म व सदाचार के मार्ग को सरल शब्दों में समझा रहे हैं। उनकी कथा शैली इतनी प्रभावशाली है कि श्रोता मंत्रमुग्ध होकर कथा का रसपान कर रहे हैं।कथा के दौरान भजन-कीर्तन,आरती और पूजन का भी विशेष आयोजन किया जा रहा है।समिति के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं के बैठने,पेयजल और प्रसाद वितरण की उत्तम व्यवस्था की गई है।आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान सराहनीय है।समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ लेने की अपील की है।शिव महापुराण कथा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनी है,बल्कि समाज में एकता,सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश भी दे रही है।पूरा विशु नगर इस समय शिव भक्ति में लीन है और वातावरण में हर ओर एक ही स्वर गूंज रहा है-हर हर महादेव।

