🔴 छिंदवाड़ा की धरती पर सिवनी विधायक मुनमुन राय का बड़ा बयान सिवनी संभाग बनकर रहेगा छिंदवाड़ा वासी माफ करे।
छिन्दवाड़ा, सिवनी की राजनीति लगी प्रतिष्ठा के दाव पे
छिंदवाड़ा // उग्र प्रभा
छिंदवाड़ा की धरती पर आयोजित सम्मान समारोह उस समय राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया, जब सिवनी विधायक दिनेश मुनमुन राय ने मीडिया मंच से बेबाक और निर्भीक अंदाज में अपनी बात रखी। प्रतिष्ठित डिजाइन एवं प्रबंधन संस्थान Footwear Design & Development Institute (FDDI), ईमलीखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल सुश्री अनसुईया उईके , छिंदवाड़ा-पांढुर्ना सांसद विवेक बंटी साहू , महापौर विक्रम आहके , भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संवाद के दौरान विधायक राय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे जनता के विश्वास के बल पर राजनीति में आए हैं और आज भी जनता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा — “जनता मेरी संरक्षक है, पार्टी मेरी माँ है। मेरे ऊपर किसी शीर्ष नेता का हाथ नहीं है, हालांकि सभी से मेरे संबंध अच्छे हैं।”
उन्होंने बताया कि वे आरक्षित आदिवासी विधानसभा क्षेत्र लखनादौन के निवासी हैं, जबकि सामान्य सीट सिवनी से विधायक चुने गए हैं। उनका जन्म नरसिंहपुर में हुआ। विधायक बनने से पहले अपनी छवि पर खुलकर बोलते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी छवि और कार्यशैली अच्छी नहीं मानी जाती थी तथा उनके व्यवसाय भी अलग प्रकार के थे।
विधायक राय ने कहा कि जनता की आवाज और क्षेत्रीय मुद्दों के लिए वे शीर्ष नेतृत्व से भी टकराने से पीछे नहीं हटते।जिसके कारण तीन बार का जीता विधायक होने के बाद भी मंत्री पद नही मिला। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधि का पहला धर्म जनता के हितों के लिए संघर्ष करना है।
उन्होंने बताया कि उनकी लोकप्रियता और कार्यशैली के कारण उन्हें विभिन्न दलों से प्रस्ताव मिले थे। सिवनी क्षेत्र के विकास, फोरलेन सड़क, रुकी हुई पेंच परियोजना, चिकित्सा महाविद्यालय तथा सिवनी को संभाग बनाने जैसे मुद्दों पर सहमति बनने के बाद ही उन्होंने भाजपा दल की सदस्यता ग्रहण की।
बंटी भैया संभाग सिवनी बनेगा माफ करे इसलिए छिंदवाड़ा संभाग नही बन पाया
“बंटी भैया और छिंदवाड़ा वासियों से क्षमा चाहता हूं, लेकिन सिवनी संभाग बनकर रहेगा।”उनके इस कथन को सुनकर छिंदवाड़ा के भाजपा नेता और दर्शक सुनते रह गए। कार्यक्रम में कुछ क्षणों के लिए सन्नाटा छा गया और यह बयान चर्चा का प्रमुख विषय बन गया। सामाजिक माध्यमों से लेकर समाचार जगत तक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। समर्थकों का कहना है कि विधायक का यह स्वर क्षेत्रीय विकास के लिए निडर नेतृत्व का प्रतीक है, जबकि राजनीतिक गलियारों में इसे बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
अब छिंदवाड़ा और सिवनी की राजनीति प्रतिष्ठा का विषय बन चुकी है। आने वाले समय में देखना होगा कि दोनों जिलों के नेतृत्व में मजबूती किसकी साबित होती है और क्षेत्रीय राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।
विधायक राय ने कहा कि जनता सीधे मंत्रालय या सदन तक अपनी आवाज नहीं पहुंचा सकती, इसलिए चुने गए प्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं। तीन बार विधायक बनने के बावजूद उनका कोई राजनीतिक संरक्षक नहीं है और वे केवल जनता के भरोसे आगे बढ़े हैं।
