मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
चंदनगांव माध्यमिक शाला में कैरियर निर्माण कार्यशाला
हुनर की कमी ही बेरोजगारी की वजह है: प्रो.अमर सिंह
ऐसा कोई हुनर नहीं ,जिसकी कद्र नहीं": प्रो.अमर सिंह
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चन्दनगांव में आयोजित कैरियर निर्माण कार्यशाला में मुख्य वक्ता प्रो. अमर सिंह ने छात्रों से कहा कि क्षमताओं व सीमाओं के अंतर को पाटना ही कैरियर निर्माण है। शिक्षा में कौशल की कमी बेरोजगारी की वजह है। सिर्फ आधे अधूरे मन से की गई तैयारी हमें रोजगार नहीं दिला सकती है। डिजिटल तकनीक के इस आधुनिक युग में विषय विशेषज्ञ बनकर इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। ऐसा कोई हुनर नहीं जिसकी कदर न होती है। छात्र अथाह वैचारिक संपति के स्वामी बनकर अपने वैज्ञानिक कौशल को उत्कृष्टता प्रदान कर मनचाहा व्यवसाय कर सकते हैं। कैरियर निर्माण में सपना देखना, लक्ष्य निर्धारण करना और उस पर पारदर्शी तरीके से कार्य करना सफलता दिलवाता है। प्राचार्य श्रीमती शैली यादव ने कहा कि असफलता किसी सफलता के लिए पूर्व योग्यता, सीख और आवश्यक दिशा निर्धारण करती है। जीवन में मंजिल प्राप्ति हेतु निष्ठा, लगन, समर्पण, इच्छा शक्ति और जुनून बहुत मदद करते हैं। कृषि वैज्ञानिक डॉ. रूपेंद्र कुमार झाड़े ने कहा कि सकारात्मक नजरिया, द्वंद्व समाधान, केंद्रित ध्यान और समय प्रबंधन विजयश्री का वरण करने के हथियारों में से एक हैं।
कृषि वैज्ञानिक श्रीमती चंचल भार्गव ने कहा कि आत्मविश्वास, विनम्रता, ईमानदारी, संकल्प और खूबियों पर काम करना कैरियर निर्माण में बहुत मददगार साबित होता है। सिर्फ काम की ही नहीं, नतीजों की भी परवाह करो। कार्यक्रम आयोजक सुरेंद्र कुमार बन्देवार ने कहा कि अपनी असली वैल्यू बनाने में वक्त लगता है। जीवन की शुरूआत में रिस्क लेना बहुत कॉन्फिडेंस देता है। उर्मिला तिवारी ने कहा कि भविष्य उनके ही सार्थक होंगे जो चुनौतियों में स्थिर रहेंगे। यही जीवन की असली नींव डालती हैं। विकास डबली ने कहा कि पैसा तब मूल्यवान होता है जब वो प्रभाव पैदा करे। सफलता कमाओ, खरीदो मत। काम ऐसा हो कि उससे समाज का भला हो, कैरियर ऐसा कि मूल्यों से मेल खाए।

