मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
दिल्ली में पुस्तक लोकार्पण और चर्चा में शामिल होंगे विजय आनंद दुबे
पुस्तक में छिंदवाड़ा के व्यंग्यकार विजय आनंद दुबे की व्यंग्य रचना भी शामिल की गई है।
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा : दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे विश्व पुस्तक मेले में देश और दुनियाभर के लेखक साहित्य की अनेक विधाओं पर विचार विमर्श कर रहे हैं। इस दौरान पुस्तकों का विमोचन और उनपर चर्चाओं के सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार 17 जनवरी को व्यंग्य विधा पर केंद्रित व्यंग्य के रंग पुस्तक का विमोचन किया जा रहा है।
देश के 88 व्यंग्यकारों की श्रेष्ठ रचनाओं की इस पुस्तक में छिंदवाड़ा के व्यंग्यकार विजय आनंद दुबे की व्यंग्य रचना भी शामिल की गई है। शनिवार को पुस्तक के लोकार्पण के साथ परिचर्चा सत्र भी होगा। इस सत्र में भी विजय आनंद दुबे चर्चा में अन्य साहित्यकारों के साथ शामिल होंगे। पुस्तक का संपादन पवन कुमार जैन और परवेश जैन ने किया है। अद्विक पब्लिकेशन से प्रकाशित इस पुस्तक को प्रख्यात हास्य व्यंग्यकार स्व राजू श्रीवास्तव को समर्पित किया गया है।

