*अमेरिका से मक्का आयात नीति स्पष्ट करे सरकार – किसान कांग्रेस
*सरकार मक्का खरीदे या किसानों को दे भावांतर : पुष्पेन्द्र सिंह
*मक्का निर्यात व कंपनियों को प्रोत्साहन देने की भी मांग
छिंदवाड़ा//उग्र प्रभा
जिला किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह ने केन्द्र सरकार से मक्का आयात को लेकर अपनाई जा रही नीति को तत्काल स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार मक्का खरीफ फसल के लिए ₹2400 प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य निर्धारित करती है, जबकि दूसरी ओर किसानों की मक्का कृषि उपज मंडियों में मात्र ₹900 से ₹1200 प्रति क्विंटल तक बिक रही है। ऐसे में किसानों की लागत भी वसूल नहीं हो पा रही है और उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ रहा है।
पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार को मक्का समर्थन मूल्य पर खरीदी का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजना चाहिए, या फिर मक्का को भावांतर योजना में दोबारा शामिल कर नुकसान की भरपाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि किसानों को वर्तमान बाजार भाव के चलते ₹1000 से ₹1200 प्रति क्विंटल तक का सीधा नुकसान उठाना पड़ रहा है।किसान कांग्रेस ने अमेरिका में मक्का के बंपर उत्पादन और आयात लक्ष्य बढ़ने की आशंकाओं से भारत में दाम गिरने को बड़ी समस्या बताया। इस स्थिति में केन्द्र सरकार को अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में मक्का से संबंधित अपनी नीति को स्पष्ट करना आवश्यक है, ताकि किसानों में भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
उन्होंने यह भी मांग की कि भारत से मक्का निर्यात को बढ़ावा दिया जाए और मक्का खरीदी करने वाली कंपनियों को प्रोत्साहन प्रदान किया जाए, ताकि देश के किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री, केन्द्रीय कृषि मंत्री, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सांसद नकुलनाथ और किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह को ज्ञापन भेजा है।
.jpg)
.png)