मोहिता जगदेव,उग्र प्रभा समाचार
भारतीय संविधान मानवीय आकांक्षाओं का दस्तावेज है": सांसद विवेक बंटी साहू
विकसित राष्ट्र निर्माण विधि के शासन से ही संभव है": प्राचार्य अनिल जैन
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा: प्रधानमंत्री कालेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित समारोह में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने मुख्य अतिथि बतौर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। विविधताओं भरे भारत में करोड़ों भारतीयों को एकजुट करने में संविधान ने बड़ी संजीदगी से अपनी भूमिका अदा की है। संवैधानिक प्रावधानों के बावजूद ही यह संभव हुआ है कि कमजोर पृष्ठभूमि के लोग सर्वोच्च ओहदे पर बैठ रहे हैं। भारतीय संविधान मानवीय आकांक्षाओं का वह दस्तावेज है, जिसमें सभी मुश्किलों का मुकम्मल समाधान है। भारतीय संविधान करोड़ों भारतीयों को उनके अधिकार व कर्तव्यों के ज्ञान उन्हें सुरक्षा कवच प्रदान करता है। प्राचार्य प्रो. अनिल जैन ने कहा कि भारतीय संविधान ने ही संस्थानों को संवैधानिक दर्जा देकर वंचित वर्गों, अंत्योदय एवं गैरबराबरी की जिंदगी जीने वाले लोगों को विकास की मुख्यधारा में आने के लिए अवसर प्रदान किए हैं। विकसित राष्ट्र निर्माण विधि के शासन से ही संभव है। विशिष्ट वक्ता प्रो. अर्चना सुदेश मैथ्यू ने कहा कि भारतीय संविधान में मानवीय समस्याओं का मुकम्मल समाधान है।
भारतीय संविधान मानवीय समस्याओं का मुकम्मल समाधान है": प्रो. अर्चना सुदेश मैथ्यू
आजाद भारत में मुक्त सासें लेना संविधान की बदौलत ही मुमकिन हैं": प्रो. टीकमणि पटवारी
इसमें असमानता की खाई को पाटने के लिए प्रजातांत्रिक मूल्यों को वरीयता से रेखांकित किया है। संवैधानिक प्रावधानों ने गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तीकरण, और राष्ट्र की प्रगति के अनुकूल वातावरण प्रदान किया है। प्रो. टीकमणि पटवारी ने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों ने एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने, समानता के समाज को स्थापित करने, और हाशिए पर पड़े अधिकारों से वंचित लोगों को विकसित राष्ट्र निर्माण की दिशा में जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य किया है। भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए समावेशी प्रयासों की महती जरूरत है। छात्रा स्नेहा उपाध्याय ने भारतीय संविधान के प्रावधानों को गरिमामय जीवन जीने एवं जिज्ञासा सूर्या ने प्रजातांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का सामाजिक सरोकारों की पुस्तक कहा। समारोह में गणमान्य व्यक्ति, कालेज स्टाफ के साथ छात्रों की गरिमामय उपस्थित रही।

