मोहिता जगदेव,उग्र प्रभा समाचार
पी. जी. कॉलेज में युवा उत्सव के विजेता छात्रों के लिए कार्यशाला
हर विजेता पूर्व के मिथक तोड़ अपना इतिहास रचता है": प्रो. अमर सिंह
जीने का मजा सीने में आग लगने पर ही आता है": प्रो. अमर सिंह
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा: पी. जी. कालेज छिंदवाड़ा में प्राचार्य प्रो. अनिल जैन के संरक्षण में महाविद्यालय स्तर पर विजेता छात्रों के विश्वविद्यालय स्तर पर प्रेरक सहभागिता हेतु आयोजित कार्यशाला में प्रो. अमर सिंह ने कहा कि संकल्पित प्रयास, सतत अभ्यास और पारदर्शी दृष्टि वाले खिलाड़ी जीत हासिल करते हैं। हर विजेता पूर्व में स्थापित मिथकों को तोड़कर एक नया इतिहास रचता है। कामयाबी की खेती में सिंचाई पसीने से होती है। रचनात्मक ऊर्जा को लक्ष्य पर फोकस करने में किसी भी व्यवधान को आड़े नहीं आने देना चाहिए। जब तक सीने में आग न लगी हो, तब तक जीने का मजा नहीं आता है। प्रो. उर्मिला खरपुसे ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि मंजिल उनके कदम अवश्य चूमती है, जो विपरीत परिस्थितियों में अपने हौसले बुलंद रखते हैं। प्रो. टीकमणि पटवारी ने कहा कि सफलता के पथ चुनौतियों से भरे पथ पर अपने उद्देश्य को ओझल न होने देने में ही समझदारी है। प्रो. सुशील व्यौहार ने कहा कि छात्र युवा उत्सव की स्पर्धाओं का सामना अपनी अंतर्निहित संभावनाओं को विकसित करके करें। प्रो. सुरेंद्र कुमार झारिया ने कहा कि जिनकी मंजिल आसमां होती है, वे स्वयं सीढ़ियों का निर्माण करते हैं। युवा उत्सव प्रभारी प्रो. शालिनी पाटिल ने कहा कि साहस, आत्मविश्वास, और अनुशासन कामयाबी की वे औषधियां हैं, जिनके समुचित प्रयोग से चमत्कारी परिणाम प्राप्त होते हैं। कार्यशाला में महाविद्यालय के युवा उत्सव से जुड़े सभी प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
