मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
प्रतिभा को पहचानकर रुचि के अनुरूप चुनें कैरियर, सफलता के खुलेंगे रास्ते
कला व फिल्म जगत की संभावनाओं से रूबरू हुए विद्यार्थी
छात्रों को स्वयं को पहचानना चाहिए व अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर का चुनाव करना चाहिए:विजय आनंद दुबे
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा:कैरियर का चुनाव केवल परंपरागत विकल्पों तक सीमित नहीं है। कला, संस्कृति, रंगमंच और फिल्म जैसे क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली युवाओं के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। जरूरत है अपनी रुचि और क्षमता को पहचानने तथा उसे सही मार्गदर्शन के साथ निखारने की। यह बात शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित कला एवं संस्कृति विषयक कैरियर गाइडेंस कार्यशाला में वक्ताओं ने कही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ रंगकर्मी, कवि एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त शिक्षक विजय आनंद दुबे तथा विशिष्ट अतिथि मुंबई में फिल्म एवं रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय युवा अभिनेता विक्रम टी.डी.आर. उपस्थित रहे। अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र साहू ने की।
विजय आनंद दुबे ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि लगभग 50 वर्ष पहले इसी विद्यालय से मिले अवसरों और प्रोत्साहन ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। आज की पीढ़ी में प्रतिभा और योग्यताओं की कमी नहीं है। विद्यार्थियों को पहले स्वयं को पहचानना चाहिए और अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर का चुनाव करना चाहिए।
अभिनेता विक्रम टी.डी.आर. ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि 12 वर्ष पहले इसी विद्यालय के मंच पर वे मिमिक्री के माध्यम से सहपाठियों का मनोरंजन किया करते थे। वही शौक आगे चलकर उनके कैरियर की पहचान बन गया। जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर मुंबई में फिल्म और रंगमंच के क्षेत्र में अवसर हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा को उचित मंच मिले तो सफलता की सीमाएं नहीं रहतीं।
कार्यशाला में विद्यालय की छात्राओं की नाट्य उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। वरिष्ठ शिक्षक संतोष गौतम ने बताया कि नाट्य संस्था 'ओम् मंच पर अस्तित्व' के तत्वावधान में शिमला, कानपुर और राजनांदगांव में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य समारोहों में विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ नाटककार विजय आनंद दुबे के निर्देशन में पद्मश्री गिरिराज किशोर की कहानी पर आधारित कथानाट्य 'पाँचवाँ पराठा' में उत्कृष्ट अभिनय के लिए तुहिना जगदेव, श्रुति हेड़ाऊ और स्वस्ति द्विवेदी को सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार मिला।
छात्राओं की इस उपलब्धि से प्रेरित होकर प्राचार्य राजेंद्र साहू ने आगामी माह विद्यालय परिसर में ही 'पाँचवाँ पराठा' नाटक का विशेष मंचन कराने की घोषणा की, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी कला और रंगमंच से जुड़ने की प्रेरणा मिल सके।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक संतोष गौतम ने किया। इस अवसर पर शिक्षक संजय मोहोड़, अरुण भादे, एस.आर. पवार, प्रीतेश रघुवंशी, बी.आर. पवार, खेल प्रशिक्षक सबा खान, अमिता शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

