- म.प्र. कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने 25 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया आगाज
- लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी हड़ताल पर, शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की मांग
छिंदवाड़ा //उग्र प्रभा
मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ द्वारा लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने के विरोध में 25 अगस्त 2026 से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का आगाज कर दिया गया है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किए जाने के बावजूद शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।संघ के प्रांतीय प्रतिनिधि दिनेश डेहरिया ने बताया कि कृषि विस्तार अधिकारी लंबे समय से ई-एचआरएमएस (eHRMS) प्रणाली में अनिवार्य ई-अटेंडेंस समाप्त करने, ₹2800 ग्रेड-पे प्रदान करने, अतिरिक्त केंद्र भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹5000 प्रतिमाह करने तथा पटवारियों के समान ₹4000 एग्री स्टेक भत्ता दिए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं।उन्होंने बताया कि संघ द्वारा अपनी मांगों को लेकर शासन को ज्ञापन देने के साथ-साथ ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, कलमबंद कार्य बहिष्कार एवं अन्य चरणबद्ध आंदोलन किए गए। इसके बावजूद मांगों पर कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया।
21 अगस्त को भोपाल में किया था धरना प्रदर्शन
संघ द्वारा 21 अगस्त 2026 को भोपाल स्थित अंबेडकर पार्क में प्रांतीय धरना प्रदर्शन भी किया गया था। इसके बाद भी शासन की ओर से मांगों के निराकरण के संबंध में कोई ठोस पहल नहीं होने पर संघ ने आंदोलन को और व्यापक करने का निर्णय लिया।संघ के अनुसार 24 अगस्त 2026 को प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहे, वहीं मांगों का निराकरण नहीं होने के बाद 25 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी गई है।
शासन से शीघ्र निर्णय की मांग
कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने शासन से मांग की है कि कृषि विस्तार अधिकारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए तथा उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि कृषि विभाग की योजनाओं एवं किसानों से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के संचालन में कृषि विस्तार अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाना आवश्यक है।हड़ताल के दौरान प्रमुख रूप से श्री रमेश शर्मा, जिला अध्यक्ष म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ, श्री दिनेश डेहरिया, कार्यकारी अध्यक्ष म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ, कोषाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष कृषि विस्तार अधिकारी संघ, एस.आर. उइके, जॉय करकेट्टा, एस.पी. उइके, मधु वेन, एच.एस. पंदराम, जी.एस. सरेआम, अशोक डोंगरे, पदमा खादीपुरे, स्वाति अग्निहोत्री, नीलू तेकाम, वंदना पहाड़े, प्रीति वेन, जगन्नाथ कुमरे सहित अन्य कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।
