बिछुआ में केंद्रीय विद्यालय की मांग तेज, कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन
बिछुआ //उग्र प्रभा //नितेश डेहरिया
जिले की बिछुआ तहसील में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बिछुआ में शीघ्र केंद्रीय विद्यालय स्थापित कराने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक अनुशंसा भेजने की मांग की है।ज्ञापन में बताया गया कि बिछुआ आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र है, लेकिन आज तक यहां केंद्रीय विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्था की स्थापना नहीं हो सकी है। इसके कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए छिंदवाड़ा सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन के अनुसार केंद्रीय विद्यालय स्थापना के लिए ग्राम लोहारबतरी स्थित शासकीय भूमि का प्रस्ताव पहले ही प्रस्तुत किया जा चुका है। प्रस्तावित भूमि खसरा नंबर 7/1 पर स्थित है, जिसकी कुल भूमि 25.923 हेक्टेयर है तथा इसमें से 4.047 हेक्टेयर भूमि केंद्रीय विद्यालय के लिए प्रस्तावित की गई है।
इसके अलावा बिछुआ नगर में पुराने उत्कर्ष विद्यालय परिसर, प्राथमिक कन्या शाला, प्राथमिक बालक शाला तथा हनुमान विद्यालय भवन में पर्याप्त कक्ष उपलब्ध होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है। मांगकर्ताओं का कहना है कि इन भवनों में प्रारंभिक रूप से केंद्रीय विद्यालय का संचालन आसानी से शुरू किया जा सकता है, जिससे नए भवन के निर्माण तक विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि भूमि और भवन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद अब तक केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ रहा है।कलेक्टर से मांग की गई है कि बिछुआ क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए शासन स्तर पर आवश्यक अनुशंसा तत्काल प्रेषित की जाए, ताकि आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल के बच्चों को भी राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके।ज्ञापन पर ग्राम पंचायत लोहारबतरी की सरपंच सुलोचना उइके सहित बसंत कुमार डेहरिया, प्रकाश उइके, सुरेश कुमार वर्मा, राजपाल विश्वकर्मा, सुनील चौरिया तथा निलेश उइके सहित अन्य नागरिकों के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापनकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन इस जनहित के विषय पर सकारात्मक पहल करेगा और बिछुआ में केंद्रीय विद्यालय स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।
