मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
मप्र नाट्य विद्यालय और नाट्यगंगा का आयोजन
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा: मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन और नाट्यगंगा रंगमंडल के द्वारा आयोजित 25 दिवसीय प्रस्तुतिपरक कार्यशाला का समापन कल एक भव्य नाटक के मंचन के साथ किया जाएगा। संस्था की पूनम बचले ने बताया कि इस एडवांस एक्टिंग वर्कशॉप में प्रतिभागियों को एडवांस एक्टिंग की बारीकियां कार्यशाला निर्देशकों ज्युधिष्ठिर सुनानी, उड़ीसा और आकाश घोरमारे, मध्यप्रदेश के द्वारा सिखाई गईं। प्रतिभागियों को इम्प्रोवाइजेशन, चरित्र-निर्माण, स्क्रिप्ट विश्लेषण, ब्लाकिंग, प्राप्स का उपयोग की मूलभूत जानकारी तथा वेशभूषा और मेकअप का भी प्रशिक्षण दिया गया। सीखने की प्रक्रिया को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न थिएटर गेम्स और समूह गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे आत्मविश्वास, टीमवर्क और मंच पर सहजता विकसित हुई। इन सभी प्रशिक्षणों को समाहित करते हुए कार्यशाला में सुप्रसिद्ध लेखक और अभिनेता पंकज सोनी की कहानी पर आधारित नाटक नसीबन को तैयार किया गया है जिसका मंचन कल 18 जुलाई शनिवार को कार्यशाला के समापन अवसर पर किया जाएगा। इस नाटक के मंचन के अवलोकन के लिए मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय भोपाल से ख़ुशबू चौबितकर विशेष रूप से छिंदवाड़ा पधार रही हैं। संस्था के अमित सोनी ने बताया कि नाटक का मंचन पूर्णतः निःशुल्क है इसमें छिंदवाड़ा के सभी दर्शक सादर आमंत्रित हैं।
