मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
तीन दिनों में चार नाटकों के हुए मंचन
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा: जिले की सबसे पुरानी सक्रिय नाट्य संस्था एवं रंगमंडल नाट्यगंगा छिंदवाड़ा के प्रयासों से छिंदवाड़ा में तीन दिवसीय आठवा राष्ट्रीय नाट्य समारोह संपन्न हुआ। यह नाट्य समारोह संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार और संस्कृति संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से आयोजित किया गया। इस समारोह के तीसरे और अंतिम दिन सघन सोसायटी फॉर कल्चरल एवं वेलफेयर, भोपाल के द्वारा आनंद मिश्रा के निर्देशन में हेमंत देवलेकर द्वारा लिखित नाटक चिड़ियाघर का मंचन किया गया। नाटक की कहानी में एक बेरोज़गार आम आदमी आजीविका के लिए संघर्षरत है। एक चिड़ियाघर में प्राणी संरक्षक का पद पाने के लिए उससे आदमी होने का प्रमाण-पत्र मांगा जाता है। एक प्रमाण-पत्र कार्यालय है, जहाँ मनचाहे प्रमाण-पत्र बनवाए जाते हैं। लेकिन इस आदमी के पास न तो किसी की सिफ़ारिश है और न ही रिश्वत देने के पैसे। वह भ्रष्ट व्यवस्था के चंगुल में फँसता जाता है। प्रमाण-पत्र निरीक्षक उसमें जानवर होने के लक्षण खोज लेते हैं और उसे क्या आदमी होने का प्रमाण-पत्र नहीं मिल पाता है। इस नाटक में अनुज शुक्ला, देवांश बघेल, पंकज पटेल, शिवम रघुवंषी, विषाल आचार्य, हेमराज तिवारी, मुकेश गौर, हेमराज तिवारी ने शानदार अभिनय किया। नाट्य समारोह के अंतिम दिन सभी नाट्य निर्देशकों , प्रायोजकों और सहयोगियों का आभार पत्र देकर संस्था के द्वारा सम्मान किया गया। मंच संचालन अमित सोनी और आभार प्रदर्शन सचिव अमजद खान ने किया। नाट्य समारोह को सफल बनाने में संस्था अध्यक्ष सचिन वर्मा, उपाध्यक्ष पंकज सोनी, कोषाध्यक्ष नीता वर्मा, दानिश अली, गुंजन मेटेकर, पूनम बचले, श्रीधर शर्मा, सोनम सोनी, अवनि सोनी, स्वाति चैरसिया, हर्ष डेहरिया, अंकित खंडूजा, अर्पणा पाटकर, वैशाली मटकर, ममता नामदेव, अबीर वर्मा, अंशुल विश्वकर्मा और तरूण जलोटा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
