मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
छिन्दवाड़ा में 29 जून को श्रद्धा एवं सनातन उड़िया परम्परा के अनुसार संपन्न होगी श्रीजगन्नाथ देव स्नान यात्रा....
उग्र प्रभा समाचार,छिन्दवाड़ा:श्री क्षेत्र जगन्नाथ पुरी की सनातन उड़िया परम्परा के अनुरूप छिन्दवाड़ा में सोमवार, 29 जून 2026 को श्रीजगन्नाथ देव स्नान पूर्णिमा (स्नान यात्रा) का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया जाएगा।इस अवसर पर भगवान श्रीजगन्नाथ जी, भगवान बलभद्र जी, भगवती सुभद्रा जी एवं श्री सुदर्शन जी के श्री जगन्नाथ पुरी के मूल विग्रहों से स्पर्शित पावन विग्रहों की स्नान यात्रा सम्पन्न होगी।सेवायत सदस्य देवेश कोल्हेकर एवं आदित्य कराड़े ने बताया कि प्रातः ब्रह्ममुहूर्त में वर्धमान सिटी स्थित पं. स्पंदन आनंद दुबे के निवास (बी-57) से सनातन परम्परा के अनुसार पाहंडी विजय के माध्यम से महाप्रभु को शोभायात्रा सहित श्री वर्धमानेश्वर मंदिर के स्नान मंडप (स्नान वेदी) पर विराजमान कराया जाएगा।इसके पश्चात प्रातः 8:00 बजे से 108 पवित्र कलशों के जल से महाभिषेक होगा। इसमें भगवान श्रीजगन्नाथ जी का 35 कलशों, भगवान बलभद्र जी का 33 कलशों, भगवती सुभद्रा जी का 22 कलशों तथा श्रीसुदर्शन जी का 18 कलशों के पवित्र जल से अभिषेक किया जाएगा।
महाभिषेक के उपरांत दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक महाप्रभु को मनोहारी गजवेश (हाथी वेश) धारण कराया जाएगा। सायं 4:00 बजे से 5:00 बजे तक विशेष सकल धूप (भोग-आरती) के अवसर तक श्रद्धालु गजवेश के दिव्य दर्शन कर सकेंगे।इसके बाद महाप्रभु श्रीजगन्नाथ जी, भगवान बलभद्र जी एवं भगवती सुभद्रा जी अपने निज मूल स्थान स्थित अनासार गृह में पधारेंगे, जहाँ वे परम्परा के अनुसार अगले 15 दिनों तक अस्वस्थ अवस्था में एकांत विश्राम करेंगे।सेवायत सदस्य निहाल वर्मा ने बताया कि अनासार काल में राजवैद्य डॉ.कंचन डाॅ.घनश्याम दुबे एवं डॉ.निधि डाॅ.प्रणय सोनी पारम्परिक उपचार-विधि का निर्वहन करेंगे।रथयात्रा समिति के वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र आचार्य ने समस्त श्रीजगन्नाथ भक्तों से इस दिव्य आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि लगभग 30 वर्ष पूर्व भगवान श्रीजगन्नाथ जी का शुभागमन छिन्दवाड़ा में हुआ था। तभी से आज तक यहां श्रीक्षेत्र पुरी की सनातन उड़िया परम्पराओं के अनुसार नियमित रूप से महाप्रभु का पूजन-अर्चन एवं समस्त वार्षिक उत्सव सम्पन्न किए जाते हैं।स्मरण रहे कि आगामी 16 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्री जगन्नाथ आस्थास्थली, पुराना पावर हाउस के पास, छोटा बाजार से प्रारंभ होगी।

