मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
चांद कालेज में अंबेडकर जयंती पर व्याख्यान
" अंबेडकर समूची पीड़ित मानवता की प्रखर आवाज़ थे": प्रो. अमर सिंह
उग्र प्रभा समाचार,चाँद छिंदवाड़ा: शासकीय महाविद्यालय में अंबेडकर जयंती पर "अंबेडकर गैरबराबरी के विरुद्ध क्रांति के लोकनायक" विषय पर आयोजित व्याख्यान में प्राचार्य प्रो. अमर सिंह ने कहा कि बाबा साहब सदियों से शोषित-पीड़ित मानवता की पीड़ा के प्रखर आवाज़ थे। वे मानवता हितैषी, युगप्रवर्तक व युगद्रष्टा-दलित-उद्धारक थे। बहुमुखी प्रतिभा से संपन्न वे वह प्रकाश-पुंज थे, जिनके योगदान को जनमानस द्वारा सदियों तक याद किया जाएगा। प्रो. जी. एल. विश्वकर्मा ने कहा कि अंबेडकर विरोधी परिस्थितियों में पलकर संपूर्ण मानवजाति के दमन-कुचक्र के कलंक को धोने के लिए संवैधानिक प्रावधान की व्यवस्था कर हमेशा के लिए अमर हो गए हैं।
प्रो. लक्ष्मण उइके ने कहा कि अंबेडकर ने जुल्मभरी असमानता के खिलाफ लड़ाई लड़कर आधुनिक भारत की परिकल्पना की। प्रो. रक्षा उपश्याम ने कहा कि बाबा साहब ने कहा था कि बुद्धि का विकास मानव के अस्तित्व का अंतिम लक्ष्य होना चाहिए। किसी भी कौम का विकास उसकी महिलाओं के विकास से मापा जाता है। संतोष अमोडिया ने कहा कि अंबेडकर ने कहा था कि जो कौम अपना इतिहास नहीं जानती, वह अपना इतिहास कभी नहीं बना सकती है।

