मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाडा
चांद कालेज में जल गंगा संवर्धन पर व्याख्यान
खेत का पानी खेत में और गांव का पानी गांव में ही रोका जाना चाहिए": प्रो. अमर सिंह
भूजल में वृद्धि के अभियान को सरकार के साथ जनभागीदारी के सहयोग से सफल बनाया जा सकता है:प्रो रजनी कवरेती
उग्र प्रभा समाचार,चांद छिंदवाड़ा: शासकीय महाविद्यालय चांद में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल की सार्वभौमिक, सार्वकालिक और सार्वजनिक उपयोगिता पर आयोजित व्याख्यान में प्राचार्य प्रो. अमर सिंह ने कहा कि आज पृथ्वी पर सभी प्राणियों के सतत जीवन-यापन के लिए नदियों, तलबों और बावड़ियों के जल स्रोतों के पुनरुद्धार की नितांत आवश्यकता है। अमृत सरोवर की गुणवत्ता बनाए रखकर, वर्षा के जल को पुनः रोककर और पौधरोपण के माध्यम से सूखते जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया जा सकता है। खेत का पानी खेत में और गांव का पानी गांव में ही रोका जाना चाहिए। प्रो. रजनी कवरेती ने कहा कि भूजल में वृद्धि के अभियान को सरकार के साथ जनभागीदारी के सहयोग से सफल बनाया जा सकता है। प्रो. जी. एल. विश्वकर्मा ने कहा कि जलस्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करके आगे आने वाली पीढ़ियों के लिए मध्य प्रदेश को जल समृद्ध प्रदेश बनाया जा सकता है। प्रो. लक्ष्मण उइके ने कहा कि जल वितरण प्रणाली की सफाई करके, प्रो. सकरलाल बट्टी ने वन क्षेत्रों में पशुओं के लिए जल प्रबंधन करके, प्रो. रक्षा उपश्याम ने कम पानी की फसलों को प्राथमिकता दे उगाने और संतोष अमोडिया ने जलदूत तैयार करके जनप्रतिनिधियों की मदद से घटते जल स्तर की समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल की उपयोगिता को लेकर छात्रों के बीच परिचर्चा, प्रश्नमंच और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
