मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
आयोजन 15 मार्च, रविवार सुबह 11 बजे को स्थानीय रायमेन्स कैफे में किया जाएगा
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा :मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन के प्रांतीय मुख्यालय, भोपाल एवं जिला इकाई, छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में प्रख्यात जनकवि मुकुट बिहारी 'सरोज' के जन्मशती समारोह का भव्य आयोजन 15 मार्च, रविवार सुबह 11 बजे को स्थानीय रायमेन्स कैफे में किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिन्दी-बुन्देली के सुविख्यात कवि महेश कटारे 'सुगम' करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात कवयित्री एवं अनुवादक इंदिरा किसलय उपस्थित रहेंगी। राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय के कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. लक्ष्मीचंद विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगे। डॉ. मनीषा जैन का बीज वक्तव्य होगा, जो सरोज जी के कृतित्व पर प्रकाश डालेंगी। सरोज जी की बेटी मान्यता सरोज कवि के जीवन से जुड़े संस्मरण साझा करेंगी, डॉ. मालिनी गौतम विषय प्रवर्तन करेंगी तथा सरोज जी पर केंद्रित विशेषांक का विमोचन भी इस आयोजन में किया जाएगा। मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए कवि एवं स्थानीय रचनाकार द्वितीय सत्र में कविता पाठ करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ युवा गायक ओशिन धारे की सुमधुर प्रस्तुति से होगा तथा समापन रोहित रूसिया के गीतों से होगा। आभार प्रदर्शन दिनेश भट्ट करेंगे। प्रथम सत्र का संचालन शेफाली शर्मा तथा द्वितीय सत्र का संचालन राकेश राज करेंगे। हेमेंद्र कुमार राय, ओम प्रकाश नयन तथा साहित्य सम्मेलन की जिला इकाई के सदस्यों ने साहित्य प्रेमियों और प्रबुद्धजनों से इस वैचारिक एवं सांस्कृतिक उत्सव में गरिमामयी उपस्थिति की अपील की है।
