मोहिता जगदेव
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा
हम महिलाओं क़ो समान अवसर और सम्मान दें "-पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके
जब नारी सशक्त होगी, तभी समाज और देश प्रगति की राह पर अग्रसर होगा: पूर्व राज्यपाल सुश्री अनसुईया उइके
उग्र प्रभा समाचार,छिंदवाड़ा: मणिपुर और छत्तीसगढ़ की पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसूईया उइके ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी मातृ शक्तियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनायें देते हुये कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक तारीख नहीं है, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का एक संकल्प है. हम महिलाओं को समान अवसर और सम्मान दें, तभी हमारे समाज और देश की प्रगति संभव है ।पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा है कि इतिहास गवाह है कि महिलाओं ने अपने अदम्य साहस, संघर्ष और समर्पण से हर क्षेत्र में सफलता की नई ऊंचाईयां हासिल की हैं. चाहे वह शिक्षा का क्षेत्र हो, राजनीति, विज्ञान, खेल, व्यापार का क्षेत्र हो या सामाजिक कार्य का क्षेत्र हो, हर जगह महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और दृढ इच्छा शक्ति से अपनी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा है कि महिलाओं की भागीदारी केवल परिवार और समाज तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढने का अवसर मिलना चाहिए. हमें यह समझना होगा कि महिलाओं को सशक्त बनाना केवल उनका हक ही नहीं, बल्कि यह समाज और देश के विकास की भी अनिवार्य शर्त है. उन्होंने कहा कि आज भी समाज में कई स्थानों पर महिलाओं को भेदभाव, असमानता और हिंसा का सामना करना पडता है, इसलिए हम सबकी यह जिम्मेदारी है है कि हम एक ऐसा वातावरण बनायें, जिसमें महिलायें निर्भय होकर अपने सपनों को पूरा कर सकें. हमें शिक्षा, सुरक्षा और समान अधिकारों को बढावा देना होगा ताकि हर महिला आत्मनिर्भर बनकर अपने भविष्य का स्वयं निर्माण कर सकें। पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके ने इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों से आव्हान किया है कि वे महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर प्रदान करने के इस प्रयास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभायें. जब हम सभी मिलकर एक समान, सुरक्षित और सशक्त समाज बनाने के लिये कार्य करेंगे, तभी सच्चे अर्थों में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की सार्थकता सिध्द होगी.उन्होंने कहा कि जब नारी सशक्त होगी, तभी समाज और देश प्रगति की राह पर अग्रसर होगा.
