🌟 डॉ. मन्नूलाल चेलक को नेपाल में “मातृभाषा रत्न” अंतरराष्ट्रीय मानद उपाधि
रायपुर //उग्र प्रभा
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के धरसीवां जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम दोंदेकला निवासी एवं राष्ट्रीय हिन्दी मासिक पत्रिका धरोहर हमारे गौरव के प्रधान संपादक डॉ. मन्नूलाल चेलक को नेपाल की राजधानी काठमांडू में “मातृभाषा रत्न” अंतरराष्ट्रीय मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर नेपाल की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुद्देशीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल द्वारा प्रदान किया गया।समारोह का उद्देश्य नेपाल-भारत मैत्री संबंधों को सुदृढ़ करना, देवनागरी लिपि के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना तथा हिन्दी-नेपाली जैसी मैत्री भाषाओं के वैश्विक प्रचार-प्रसार के साथ देश-विदेश के कवि, लेखक, साहित्यकार, शिक्षक एवं संपादकों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना रहा।इस अवसर पर नेपाल, भारत, अमेरिका, मॉरीशस, तंजानिया और चीन सहित विभिन्न देशों के लगभग एक हजार साहित्यिक एवं शैक्षणिक प्रतिभाओं को “मातृभाषा रत्न” मानद उपाधि एवं “मातृभाषा गौरव सम्मान” से अलंकृत किया गया। इसी क्रम में डॉ. चेलक को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
🥋 साहित्य के साथ मार्शल आर्ट में भी विशिष्ट पहचान
डॉ. मन्नूलाल चेलक ब्लैक बेल्ट 3 डॉन होने के साथ वर्ष 1995 से आत्मरक्षा हेतु कराते प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। वे अब तक 11,973 लोगों को प्रशिक्षण देकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर Golden Book of World Records में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं, जिससे उनका गांव और छत्तीसगढ़ प्रदेश गौरवान्वित हुआ है।वे मार्शल आर्ट, जूडो-कराटे, किक बॉक्सिंग एवं पायजन टच में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ के एकमात्र व्यक्तित्व हैं।उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
