पथरकटी की नन्हीं प्रतिभा ने किया कमाल — ओलम्पियाड में प्रथम स्थान, कलेक्टर ने किया सम्मान
अमरवाड़ा //उग्र प्रभा //
अमरवाड़ा विकासखंड के ग्राम पथरकटी की प्राथमिक शाला की छात्रा माही सल्लाम ने ओलम्पियाड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला कलेक्टर द्वारा छात्रा को सम्मानित भी किया गया।
गौरतलब है कि सिवनी निवासी श्री सी.के. चौबे परिवार ने ग्राम पथरकटी को शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्टता दिलाने के उद्देश्य से गोद लिया है। चौबे परिवार के सहयोग से ग्राम की एक बेरोजगार महिला संगीता सल्लाम को मानदेय पर नियुक्त कर प्राथमिक शाला के बच्चों को निःशुल्क ट्यूशन उपलब्ध कराई जा रही है। इसी प्रयास का सकारात्मक परिणाम है कि शाला की छात्रा माही सल्लाम ने ओलम्पियाड परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित की।
चौबे परिवार द्वारा स्वर्गीय श्रीमती चौबे एवं पुत्री कु. याशिका चौबे की स्मृति में समय-समय पर विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, ड्रेस, स्कूल बैग तथा बैठने हेतु डेस्क-बेंच भी प्रदान किए जाते हैं। उनके इस सतत सहयोग से ग्राम में शिक्षा का स्तर निरंतर उन्नत हो रहा है।
इस सराहनीय उपलब्धि पर शाला परिवार, ग्राम के पालकगण एवं ग्रामीणों ने चौबे परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस कार्य में शाला के प्रधान पाठक श्री सुदभानशाह उइके एवं श्रीमती उइके का भी विशेष योगदान रहा। उल्लेखनीय है कि श्री चौबे जी अमरवाड़ा की नटनी माई सेवा समिति के वरिष्ठ सदस्य भी हैं।
ग्राम पथरकटी की यह सफलता यह दर्शाती है कि यदि सही मार्गदर्शन और सहयोग मिले, तो ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
.jpg)
