स्वच्छता और हरियाली का संकल्प: सेजा में निकली स्वच्छता रैली, हुआ पौधारोपण
जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान की दी गई विस्तृत जानकारी
अमरवाड़ा // उग्र प्रभा
आज दिनांक 27/01/2026, मंगलवार को मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन में तथा अमरवाड़ा विकासखंड की समन्वयक सुश्री वंदना राकेशिया के कुशल मार्गदर्शन एवं परामर्शदाता डॉ. राजकुमार मालवी के नेतृत्व में अमरवाड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत सेजा अंतर्गत प्रस्फुटन समिति सेजा के अध्यक्ष श्री बलराम पटेल के सहयोग से स्वच्छता रैली एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान की जानकारी प्राप्त की। आदर्श ग्राम निर्माण की दिशा में जनसमुदाय की भागीदारी को आवश्यक बताते हुए मध्य प्रदेश शासन की विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।
ग्राम स्तर पर स्वैच्छिकता एवं समर्पण भाव जागृत करने के उद्देश्य से श्रमदान, चरित्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को नशा मुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभा में सक्रिय सहभागिता, जल संरक्षण तथा जीपीडीपी (GPDP) में अधिक से अधिक जल स्रोतों के निर्माण एवं संरक्षण से जुड़े विषयों को शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया।
