पौनार की 6 अनाथ बेटियों में से 2 को बाल आशीर्वाद योजना का लाभ, मिलेंगे प्रतिमाह 4-4 हजार रुपय
अमरवाड़ा // उग्र प्रभा (नीलेश डेहरिया संपादक )
पौनार क्षेत्र की अनाथ बालिकाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल आशीर्वाद योजना के अंतर्गत पौनार की 6 अनाथ बेटियों में से दो बालिकाओं योजना का लाभ स्वीकृत किया गया है, जिन्हें अब प्रति माह चार-चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती करुणा साहु ने जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना अमरवाड़ा अंतर्गत पौनार आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता श्रीमती छाया सोनी के माध्यम से वर्मा परिवार की जानकारी प्राप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि उक्त परिवार में माता का निधन लगभग 5 वर्ष पूर्व हो चुका था, जबकि पिता स्वर्गीय का निधन दिसंबर 2025 में हुआ था।
परिवार में कुल 7 बालिकाएं थीं, जिनमें से एक बालिका का विवाह हो चुका है, जबकि शेष 6 बालिकाएं वर्तमान में दादा-दादी के साथ आश्रित जीवन व्यतीत कर रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर पर्यवेक्षक चारूलता जाम्बोलकर द्वारा आवश्यक दस्तावेज मंगवाकर बाल आशीर्वाद योजना के तहत नियमानुसार दो पात्र बालिकाओं स्वीकृति प्रदान की गई।
स्वीकृति पत्रों का वितरण क्षेत्रीय विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी श्री हेमकरण धुर्वे परियोजना अधिकारी श्रीमती करुणा साहु, सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती चारुलता जाम्बोलकर सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।परियोजना अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि बाल आशीर्वाद योजना के तहत अमरवाड़ा विकासखंड में अब तक कुल 35 अनाथ आश्रित बच्चों को योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है।