*लगातार 11 वर्षों से करुणा की दयानिधि बनी नटनी माई सेवा समिति
*पहले पौनार की 6 अनाथ बेटियों को दिया संबल, अब 25 पितृहीन बेटियों के जीवन में भरी खुशियाँ
अमरवाड़ा // उग्र प्रभा ( नीलेश डेहरिया संपादक )
समाज सेवा केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली साधना है। इसी भाव को आत्मसात कर नटनी माई सेवा समिति बीते 11 वर्षों से करुणा, दया और सेवा भाव की जीवंत मिसाल बनी हुई है।समिति से व्यावसायिक वर्ग से लेकर शासकीय सेवकों तक ऐसे सदस्य जुड़े हैं, जिनके उच्च विचार, मानवीय संवेदनाएँ और दीन-दुखियों के प्रति करुणा हर सेवा कार्य में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है।
निरंतर सेवा का प्रमाण–पौनार की 6 अनाथ बेटियाँ
सेवा की इस अविरल धारा में विगत माह पौनार क्षेत्र की 6 अनाथ बेटियों को संबल प्रदान कर नटनी माई सेवा समिति उनके जीवन में सहारा बनी थी। समिति द्वारा आवश्यक सहायता प्रदान कर यह संदेश दिया गया कि अनाथ बेटियाँ भी समाज की जिम्मेदारी हैं और उन्हें कभी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
25 पितृहीन बेटियों के लिए सम्मानपूर्ण वैवाहिक सहयोग
इसी सेवा क्रम को आगे बढ़ाते हुए दिनांक 27 जनवरी, मंगलवार को राम मंदिर परिसर, अमरवाड़ा में एक गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में 25 पितृहीन बेटियों को 25-25 हजार रुपये मूल्य की वैवाहिक सामग्री भेंट की गई। यह सहयोग केवल सामग्री तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बेटियों के आत्मसम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सशक्त प्रयास रहा।कार्यक्रम के दौरान बारहहीरा निवासी एक अनाथ बेटी को ससम्मान मंच पर आमंत्रित किया गया,
जहां विधिवत उसके चरण प्रक्षालन (पैर धुलाकर) कर सम्मानपूर्वक वैवाहिक सहयोग सामग्री भेंट की गई, जिससे पूरा वातावरण भावुक एवं प्रेरणादायक बन गया।
भेंट की गई वैवाहिक सामग्री वैवाहिक सहयोग के अंतर्गत बेटियों को
डबल गेट आलमारी, ट्रॉली बैग, पलंग, पंखा, कूलर, गद्दा, कंबल एवं बर्तन सेट प्रदान किए गए।
शिक्षा के माध्यम से भविष्य निर्माण
नटनी माई सेवा समिति केवल वर्तमान सहायता तक सीमित नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण पर भी समान रूप से ध्यान देती है। इसी सोच के तहत कार्यक्रम के दौरान 200 जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं गर्म कपड़े वितरित किए गए। यह पहल शिक्षा के प्रति समिति की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सेवा भाव से ओतप्रोत सदस्य – समाज के लिए प्रेरणा
समिति के सदस्य—चाहे वे व्यावसायी हों या शासकीय सेवक—अपने उच्च विचारों, करुणा और सेवा भाव के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने के लिए संकल्पित हैं। यही कारण है कि नटनी माई सेवा समिति आज समाज में विश्वास, संवेदना और सेवा की प्रतीक बन चुकी है।
जनप्रतिनिधियों ने की मुक्त कंठ से सराहना
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री कमलेश प्रताप, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार देवेन्द्र जैन, विधायक प्रतिनिधि दीपक नेमा, सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि—
“पौनार की अनाथ बेटियों को संबल देने से लेकर पितृहीन बेटियों की वैवाहिक सहायता तक, नटनी माई सेवा समिति समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।”
11 वर्षों से सेवा का अविरल संकल्प
नटनी माई सेवा समिति अपने परोपकारी सदस्यों के सहयोग से पिछले 11 वर्षों से अनाथ, पितृहीन बेटियों, जरूरतमंद विद्यार्थियों एवं असहाय वर्गों के लिए निरंतर सेवा कार्य कर रही है। समिति का उद्देश्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और सुरक्षित भविष्य का निर्माण करना है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पौनार कन्या शाला, अमरवाड़ा, करबडोल एवं महावीर विद्या मंदिर पौनार की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें मुख्य अतिथियों के हस्ते पुरस्कृत किया गया।पौनार से रमेश साहू, संतोष वर्मा एवं कमलेश विल्हा द्वारा समिति के सभी सदस्यों एवं उपस्थित जनों का गुलाब व गेंदे की पुष्प-पंखुड़ियों से वर्षा कर स्वागत किया गया।
उपस्थित समिति पदाधिकारी
क्षेत्रीय संयोजक राधेश्याम सोनी, संरक्षक बालकृष्ण साहु, श्रीमती संध्या राय, विनोद चौरासिया, शालिकराम यादव, श्याम चौरासिया, मुकेश नेमा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।निःसंदेह, नटनी माई सेवा समिति आज मानवता की सशक्त आवाज, सेवा की जीवंत परंपरा और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी है।





