सेन्ट्रल बैंक पौनार ने निभाई संवेदनशील जिम्मेदारी, मृतक खाताधारक के परिजनों को मिला ₹2 लाख का बीमा लाभ
पौनार //अमरवाड़ा
सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पौनार द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत एक सराहनीय और मानवीय पहल करते हुए मृतक खाताधारक के परिजनों को ₹2 लाख की बीमा सहायता राशि उनके खातों में हस्तांतरित की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ल्यागडुआ निवासी सेन्ट्रल बैंक पौनार की खाताधारक श्रीमती देवकी पति श्री प्रेमनारायण वर्मा का अगस्त माह में साधारण निधन हो गया था। उनके खाते से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत मात्र ₹20 का वार्षिक प्रीमियम कटता था। इस योजना के अंतर्गत उनके नामिनी पुत्र उमाकांत वर्मा एवं ज्येष्ठ पुत्री साक्षी वर्मा के खातों में दिनांक 15 जनवरी को ₹2 लाख की बीमा क्लेम राशि सफलतापूर्वक स्थानांतरित की गई।
शाखा प्रबंधन द्वारा बताया गया कि सेन्ट्रल बैंक पौनार अब तक 5 खाताधारकों के परिजनों को बीमा क्लेम सहायता उपलब्ध करा चुकी है। बैंक की यह विशेषता रही है कि खाताधारक की मृत्यु की जानकारी मिलते ही शाखा स्वयं परिजनों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराती है, जिससे शोक संतप्त परिवारों को समय पर आर्थिक संबल मिल सके।
बीमा राशि हस्तांतरण के अवसर पर शाखा प्रबंधक विनीत सोलंकी, सहायक बैंक अधिकारी शुभम त्रिवेदी, कैशियर योगेश, कर्मचारी गगन, आशीष एवं लोकेश ठाकुर उपस्थित रहे। इस दौरान उग्र प्रभा समाचार के संपादक नीलेश डेहरिया द्वारा बैंक प्रबंधक का एक जागरूकता पोडकास्ट भी किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।साथ ही संपादक नीलेश डेहरिया ने नामिनी पुत्र–पुत्री को प्राप्त बीमा राशि का शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य में सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
सेन्ट्रल बैंक पौनार की यह पहल न केवल सरकारी योजनाओं की सफलता को दर्शाती है, बल्कि बैंक की सामाजिक संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।

.jpg)