पूर्व पार्षद के घर खिला दुर्लभ ब्रह्मकमल, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
मान्यता: जहां खिलता है ब्रह्मकमल, वहां सुख-समृद्धि और मां लक्ष्मी की बनी रहती है कृपा।
गोटेगांव //उग्र प्रभा //शरद
नगर के किसानी मोहल्ला स्थित पूर्व पार्षद दीनू सिंह छिरा एवं गांधी वार्ड पार्षद श्रीमती कलावती दीनू सिंह छिरा के निवास पर दुर्लभ ब्रह्मकमल का पुष्प खिलने से क्षेत्र में श्रद्धा और उत्सुकता का माहौल बन गया। जैसे ही इसकी जानकारी लोगों तक पहुंची, पुष्प के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में नागरिक घर पहुंचने लगे। देर रात तक दर्शनार्थियों का सिलसिला जारी रहा।ब्रह्मकमल को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र एवं शुभ पुष्प माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह पुष्प सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा से जुड़ा हुआ है और इसे उनका आसन भी कहा जाता है। ऐसी मान्यता है कि जिस घर में ब्रह्मकमल खिलता है, वहां सुख, शांति, समृद्धि और धन की अधिष्ठात्री मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहती है तथा परिवार में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।पूर्व पार्षद परिवार ने इसे ईश्वर की कृपा और सौभाग्य का प्रतीक बताया। पुष्प की दुर्लभ सुंदरता ने हर किसी का मन मोह लिया। कई लोगों ने ब्रह्मकमल के दर्शन कर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया और परिवार को शुभकामनाएं दीं। नगर में इस अनोखे पुष्प के खिलने की चर्चा पूरे दिन लोगों के बीच बनी रही।
